श्रीनगर गढ़वाल : हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विवि श्रीनगर के लोक कला एवं संस्कृति निष्पादन केंद्र की ओर से ‘द प्रमोजल’ नाटक का मंचन किया गया। नाटक के माध्यम से कलाकारों ने समाज में दिखावे की प्रवृत्ति से अनमोल रिश्तों में आ रही खटास पर मार्मिक प्रस्तुति दी। इस दौरान कलाकारों के संवाद व अभिनय की दर्शकों ने खूब सराहना की। गढ़वाल विवि के चौरास परिसर स्थित मिनी ऑडिटोरियम में विवि के लोक कला एवं निष्पादन केंद्र ने मध्य प्रदेश नाट्य विद्यालय, भोपाल के अध्ययन अनुदान योजना के तहत यह नाट्य प्रस्तुति दी। नाटक में सामाजिक ताने बाने व रिश्तों की डोर को तीन चरित्रों (चुबुकॉफ, लोमॉफ एवं नटालिया) के माध्यम से मार्मिक रुप में प्रस्तुत किया गया। इस दौरान लोमॉफ चुबुकॉफ की बेटी नटालिया का रिश्ता मांगने आया है, लेकिन उनमें खेतों और अपने पालतू कुत्तों को लेकर झगड़ा हो जाता है। जिसके चलते लोमॉफ अपने रिश्ते की बात नहीं कर पाता और बहस छिड़ जाती है। इस दौरान वह अपना मुख्य उद्देश्य भूल जाता है। अंतोन चेखव द्वारा लिखे गए इस नाटक का निर्देशन भरत कुमार द्वारा किया गया। प्रस्तुति का संयोजन एमए थिएटर एवं मास कॉम के विद्यार्थियों के साथ तैयार किया गया। नाटक में सुरभि सिंह, सोमिल असवाल व भरत कुमार ने शानदार अभिनय प्रस्तुति दी। तकनीकी व्यवस्था एवं संचालन विकेश वाजपेयी, मंच संचालन शिवम यादव ने किया। मौके पर केंद्र के प्रो. डीआर पुरोहित, डा. संजय पांडेय आदि मौजूद रहे। (एजेंसी)

भूपेंद्र कुमार

By भूपेंद्र कुमार

प्रधान संपादक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *