हरिद्वार। ई-रिक्शा महासंघ ने बैठक कर प्रदेश में ई-रिक्शा के लिए लागू होने वाले रूट प्लान का विरोध किया है। साथ ही महासंघ ने नए ई-रिक्शा का पंजीकरण पांच वर्ष के लिए बंद करने की मांग की है। रूट प्लान लागू होने और पंजीकरण बंद न होने पर महासंघ ने सरकार के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी दी है।
रविवार को हरिद्वार के निजी होटल में महासंघ की बैठक का आयोजन हुआ। इस दौरान ई-रिक्शा महासंघ के अध्यक्ष नवीन तेश्वर ने कहा कि शासन के रूट प्लान लागू करने से ई-रिक्शा चालकों के सामने रोजी-रोटी का संकट मंडराने लगेगा। साथ ही रूट निर्धारित होने से आय पर भी फर्क पड़ेगा। इस कारण बैंक आदि की किश्तों को पूरा करना एक बड़ी चुनौती बन जाएगी।
हमारी मांग है की ई-रिक्शा की संख्या निर्धारित करने के लिए ई-रिक्शा का पंजीकरण पांच वर्ष के लिए बंद किया जाए। रूट प्लान और पंजीकरण बंद करने के लिए एआरटीओ से वार्ता की जाएगी। साथ ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से ज्ञापन भेजा जाएगा। रूट प्लान लागू होने और पंजीकरण बंद न करने पर महासंघ सरकार के खिलाफ आंदोलन करेगा। बैठक में महासंघ के महामंत्री राजू मनोचा और खाटू श्याम ई-रिक्शा यूनियन के अध्यक्ष नवीन अग्रवाल ने कहा कि रूट ई-रिक्शा पर रोक लगाने से पहले पंजीकरण पर रोक लगानी चाहिए। परिवहन विभाग के अधिकारी बार बार ई-रिक्शा पर नाराजगी का राग अलापते है। रूट प्लान का विरोध किया जाएगा। बैठक में राजकुमार, एंथोनी, चंद्रपाल, आदित्य झा, देवा, परविंदर पड़ित, आशीष, अमित, राहुल वतन झा, राकेश यादव, अमर पाल आदि उपस्थित रहे।

 

भूपेंद्र कुमार

By भूपेंद्र कुमार

प्रधान संपादक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *