जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : कल्जीखाल ब्लाक के सिलेथ गांव की सीमा के समीप क्यार्कसैंण नगर पालिका प्रशासन द्वारा कांजी हाउस को लेकर भूमि चयनित करने पर कांग्रेस के प्रदेश सचिव एवं स्थानीय ग्रामीणों ने आपत्ति जताई है। बताया कि बिना ग्रामीणों, ग्राम पंचायत की सहमति के सिलेथ गांव की सीमा में पालिका प्रशासन पौड़ी द्वारा कांजी हाउस बनाए जाने का पुरजोर विरोध किया जाएगा।
कपोलस्यूं पट्टी के क्यार्केश्वर महादेव मंदिर के समीप नगर पालिका पौड़ी द्वारा कांजी हाउस बनाने की कवायद की जा रही है। जिसमें पौड़ी नगर के लावारिश मवेशियों को रखा जाएगा। बताया कि उनके ग्रामीण क्षेत्र अगरोड़ा, पैडुल, परसुंडाखाल में भी आवारा मवेशियों की संख्या बहुत ज्यादा है। कहा कि उस जगह पर पहले से ही एक गोधाम चल रहा है। ऐसे में वहां पर पौड़ी नगर पालिका द्वारा कांजी हाउस खोला जाना सही नहीं होगा। वहीं, यहां पर गोधाम संचालित कर रहे बद्री गौ सेवा संस्थान के अध्यक्ष प्रकाश काला ने उनकी गौशाला के बगल में ही भूमि चयनित करने पर आपत्ति जताई है। कहा कि वे पिछले लंबे समय से नि:स्वार्थ भाव से निराश्रित गोवंश की सेवा कर रहे हैं। जिसको लेकर वर्ष 2020 में उनके द्वारा प्रशासन से इस जगह पर भूमि लीज पर ली गई और इस क्षेत्र में उनके द्वारा गोधाम चलाया जा रहा है। प्रकाश काला ने गौशाला विस्तारीकरण को लेकर जिला प्रशासन से गुहार भी लगाई। कहा कि यदि प्रशासन चाहता है कि यहां गोवंश रखे जाएं तो उनकी गौशाला का ही विस्तारीकरण कर दिया जाए। जिससे यहां पर निराश्रित गोवंश के चरागाह पर किसी तरह का निर्माण ना हो।

भूपेंद्र कुमार

By भूपेंद्र कुमार

प्रधान संपादक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *