जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार: वन भूमि पर लगातार बढ़ रहे अवैध अतिक्रमण पर वन विभाग ने सख्ती दिखाना शुरू कर दिया है। रविवार को लैंसडौन वन प्रभाग कोटद्वार रेंज की टीम ने ग्रास्टनगंज व सिद्धबली मार्ग से अतिक्रमण हटाते हुए अतिक्रमण कारियों को सख्त चेतावनी दी।
उच्च न्यायालय की ओर से वन विभाग को वन भूमि अतिक्रमण मुक्त करने के सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। इसी के तहत कोटद्वार में बुद्धापार्क से ग्रास्टनगंज तिराहे तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। लैंसडौन वन प्रभाग की टीम ने मार्ग पर चार से अधिक स्थानों पर बने खोखों को जेसीबी की मदद से हटाया। साथ ही खोखा संचालकों को दोबारा अतिक्रमण न करने की सख्त हिदायत दी। लैंसडौन वन प्रभाग कोटद्वार रेंज के रेंजर अजय ध्यानी ने बताया कि ग्रास्टनगंज क्षेत्र में एक व्यक्ति की ओर से वन क्षेत्र में पक्की सड़क के साथ ही गेट का निर्माण करवाया गया था। जिसे वन विभाग की टीम ने ध्वस्त कर दिया है। सिम्मलचौड़ गैस गोदाम के आसपास भी कई लोगों ने वन भूमि पर पक्का निर्माण करवाया हुआ है। इन्हें भी नोटिस जारी करने की तैयारी की जा रही है। वर्तमान में वन विभाग ने पांच पक्का निर्माण करने वालों को नोटिस जारी किया है। जल्द ही वन विभाग पक्के निर्माण पर भी बुल्डोजर चलवाएगा।

भूपेंद्र कुमार

By भूपेंद्र कुमार

प्रधान संपादक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *