बागेश्वर। बागेश्वर-कपकोट मोटर मार्ग स्थित असों नाले के निकट क्षतिग्रस्त भाग में वैली ब्रिज निर्माण कार्य शुरू हो गया है। इसके चलते दो दिन के लिए रूट डायवर्ड किया गया है। कपकोट जाने वाले वाहन बेड़ा-मझेड़ा होते हुए खीरगंगा के पास पहुंचेंगे। ब्रिज तैयार होने के बाद कपकोट क्षेत्र में बड़े वाहनों की आवाजाही शुरू हो जाएगी और खाद्यान्न संकट भी दूर होगा। मालूम हो कि असों के पास बना स्कबर गत दिनों हुई बारिश से आधे से अधिक बह गया। इस कारण कपकोट, भराड़ी क्षेत्र में बड़े वाहनों की आवाजाही ठप हो गई। इस समस्या को देखते हुए क्षेत्रीय विधायक सुरेश गड़िया ने बीआरओ को 24 घंटे के भीतर ब्रिज निर्माण के निर्देश दिए। इसके लिए टनकपुर से सामग्री भी मंगाई गई, लेकिन मार्ग बंद होने से सामग्री समय पर नहीं पहुंच पाई। शुक्रवार को सामग्री पहुंची। रविवार से ब्रिज निर्माण कार्य शुरू हो गया है। यह कार्य दो दिन तक चलेगा। निर्मााण के चलते बागेश्वर-कपकोट मार्ग असों से आगे बंद रहेगा। बागेश्वर से कपकोट तथा कपकोट से बागेश्वर जाने वाले वाहनों का रूट बदला है। ब्रिज बनने से एक महीने से खाद्यान्न तथा रसोई गैस के लिए परेशान क्षेत्र के लोगों को राहत मिलेगी। छोटे वाहनों से खाद्यान्न व सब्जी की आपूर्ति महंगे दामों पर हो रही थी। अब इस पर भी अंकुश लगेगा। इधर क्षेत्रीय विधायक सुरेश गड़िया ने कहा कि आपदा प्रभावित क्षेत्र के लोगों को जल्द राहत मिले इसके लिए बैली ब्रिज का निर्माण किया गया है।

भूपेंद्र कुमार

By भूपेंद्र कुमार

प्रधान संपादक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *