हरिद्वार। चंडी देवी मंदिर के पास भूस्खलन होने से पांच दुकानों के नीचे की जमीन खिसक गई। शाम तक पहाड़ से मिट्टी दरक रही थी। जिस कारण प्रशासन ने एहतियात के तौर पर 25 दुकानों को बंद कर दिया। चंडी देवी रोपवे का संचालन भी बंद कर दिया गया। मंदिर जाने वाले श्रद्घालुओं को करीब चार घंटे नीचे ही रोका गया। बारिश के कारण बुधवार सुबह 11 बजे अचानक नील पर्वत पर स्थित चंडी देवी मंदिर के बाहर दुकानों के नीचे का पहाड़ दरकने लगा। जानकारी लगते ही मंदिर में अफरातफरी मच गई। आनन-फानन में एसडीएम अजयवीर सिंह, सीओ सिटी जूही मनराल, तहसीलदार रेखा आर्य समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। सबसे पहले पांचों दुकानों को खाली कराया गया। जब पहाड़ से मिट्टी खिसकनी बंद नहीं हुई तो प्रशासन ने एहतियात के रूप में आसपास की सभी दुकानों को बंद करा दिया। प्रशासन ने 25 दुकानों को बंद कराया है। पहाड़ दरकने की सूचना मिलते ही चंडी देवी मंदिर के रोपवे को सुबह ही बंद कर दिया गया था। जबकि मंदिर जाने वाले मार्ग पर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उसे बंद कर दिया था। स्थानीय पुलिस के अलावा वन प्रभाग की टीमों को मौके पर तैनात कर दिया गया है, ताकि नजर रखी जा सके। इधर ऊषा ब्रेको रोपवे के जनरल मैनेजर मनोज डोभाल ने बताया कि बुधवार को पहाड़ दरकने के बाद रोपवे का संचालन नहीं किया गया।

भूपेंद्र कुमार

By भूपेंद्र कुमार

प्रधान संपादक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *