श्रीनगर गढ़वाल : हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विवि के प्रशासनिक भवन व बिड़ला एवं चौरास परिसर में पायलट प्रोजेक्ट के तहत बायोमैट्रिक मशीन लगाए जाने की तैयारियां जोरों पर हैं। इसके लिए विवि में सात बायोमैट्रिक मशीन की खरीदारी भी हो गई है। जल्द ही इन्हें इंस्टाल करने का कार्य किया जा रहा है। विवि के प्रोग्रामर को इसकी जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बायोमैट्रिक मशीन लग जाने के बाद कर्मचारियों व शिक्षकों को कार्यालयों एवं विभागों में आने-जाने की उपस्थिति मशीन से दर्ज करानी होगी। गढ़वाल विवि में लंबे समय से बायोमैट्रिक मशीन लगाए जाने को लेकर मंथन चल रहा है। इसके लिए विवि प्रशासन द्वारा चार सदस्यीय कमेटी का गठन भी किया गया था। कमेटी में संयोजक उप कुलसचिव डा. संजय ध्यानी के साथ ही विवि के ईई विजयानंद बहुगुणा, सुरक्षा अधिकारी हेम जोशी व सहायक कुलसचिव विजयपाल भंडारी बतौर सदस्य शामिल हैं। कुल उपलब्ध सात मशीनों में से दो मशीनें प्रशासनिक भवन, दो बिड़ला परिसर, दो चौरास परिसर व एक मशीन विवि के उच्च शिखरीय पादप कार्यिकी एवं शोध संस्थान (हैप्रक) में लगाई जाएगी। उप कुलसचिव डा. ध्यानी ने बताया कि मशीन के इंस्टालेशन के कार्य के साथ ही कर्मचारियों का डाटा कलेक्शन का कार्य चल रहा है। डाटा फीड होते ही बायोमैट्रिक मशीन लग जाएंगी। बायोमैट्रिक उपस्थिति के प्रथम चरण में शिक्षकों व कर्मचारियों के लिए शुरू किए गए पायलट प्रोजेक्ट के सफल रहने के बाद छात्रों की बायोमैट्रिक उपस्थिति पर कार्य होगा। (एजेंसी)

भूपेंद्र कुमार

By भूपेंद्र कुमार

प्रधान संपादक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *