मलबा व बोल्डर आने के कारण मंगलवार से बंद पड़ा था राष्ट्रीय राजमार्ग
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : पिछले चार दिन से बंद पड़ा कोटद्वार-दुगड्डा राष्ट्रीय राजमार्ग आखिर शुक्रवार दोपहर को वाहनों की आवाजाही के लिए खुल ही गया। राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग लगातार मार्ग खोलने के प्रयासों में जुटा हुआ था। मार्ग पर आए भारी मलबे व बोल्डर को साफ करना विभाग के लिए एक चुनौती बन गई थी। राष्ट्रीय राजमार्ग खुलने के बाद लोगों ने काफी राहत की सांस ली।
मंगलवार को हुई अतिवृष्टि से कोटद्वार-दुगड्डा राष्ट्रीय राजमार्ग पांच से अधिक स्थानों पर मलबा व बोल्डर आने से बंद हो गया था। पिछले चार दिन से राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग लगातार मलबा व बोल्डर साफ करने में जुटा हुआ था। लेकिन, भारी मलबे व बोल्डर को हटाना राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के लिए एक चुनौती बनती जा रही थी। मार्ग बंद होने के कारण कोटद्वार से पहाड़ का संपर्क पूरी तरह बंद हो गया था। सबसे बुरी स्थिति आमसौड़ से करीब एक किलोमीटर पीछे बनी हुई थी। मलबा व बोल्डर हटाने के बाद भी पहाड़ी दरककर नीचे की ओर आ रही थी। शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे मार्ग को वाहनों की आवाजाही के लिए पूर्ण रूप से खोला गया। इस दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग से बड़ी संख्या में फंसे वाहन आवाजाही करते हुए दिखाई दिए।

खोजना होगा विकल्प
वर्षाकाल में राष्ट्रीय राजमार्ग पूरी तरह बदहाल हो चुका है। राष्ट्रीय राजमार्ग को पोकलैंड मशीन से पहाड़ काटकर मार्ग बनाना पड़ा। चार दिन तक राष्ट्रीय राजमार्ग बंद होने से पर्वतीय क्षेत्रों में भी कई समस्याएं होने लगी थी। कोटद्वार से दुगड्डा तक बदहाल राष्ट्रीय राजमार्ग वाहन चालकों को डरा रहा है। आने वाले समय में राष्ट्रीय राजमार्ग की हालत को सुधारना भी एक चुनौती बन सकती है। ऐसे में वर्षाकाल में भी पहाड़ का संपर्क मैदान से न टूटे इसके लिए बेहतर यातायात के विकल्प खोजने होंगे।

भूपेंद्र कुमार

By भूपेंद्र कुमार

प्रधान संपादक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *