जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : भारतीय शिक्षा समिति उत्तराखंड द्वारा रितेश शर्मा सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज में 25 से 27 अगस्त तक आयोजित 35वीं प्रांतीय खो-खो व कबड्डी प्रतियोगित का समापन हो गया है। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न विद्या मंदिरों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। इस दौरान प्रतियोगिताओं में सरस्वती विद्या मंदिर डाकपत्थर की टीम का दबदबा देखने को मिला।
विद्यालय के मीडिया प्रभारी रोहित बलोदी ने बताया कि समापन समारोह में मुख्य अतिथि प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने विजेता टीमों को पुरस्कृत किया। प्रतियोगिता में अंडर 14 बालक एवं बालिका वर्ग कबड्डी प्रतियोगिता में सरस्वती विद्या मंदिर नेहरू बाजार डाकपत्थर, अंडर 17 बालक एवं बालिका वर्ग में सरस्वती विद्या मंदिर नई यमुना कॉलोनी डाकपत्थर, अंडर 19 बालिका वर्ग में सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज मायापुर हरिद्वार एवं बालक वर्ग में सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज नई यमुना कॉलोनी डाकपत्थर विजयी रहे। वहीं खो-खो प्रतियोगिता के अंडर 14 बालिका वर्ग में सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज नेहरू बाजार डाकपत्थर, बालक वर्ग में सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज चिन्यालीसौड़, अंडर 17 बालक वर्ग में सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज मायापुर हरिद्वार, बालिका वर्ग में सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज चिन्यालीसौड़ उत्तरकाशी, अंडर 19 बालक एवं बालिका वर्ग में तुलाराम राजाराम सरस्वती विद्या मंदिर काशीपुर विजयी रहे। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली बालिका वर्ग की टीमें सितंबर माह के प्रथम सप्ताह में क्षेत्रीय स्तर की प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के खुर्जा में एवं बालक वर्ग की टीम मथुरा वृंदावन में आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करेंगी। इस दौरान विद्यालय प्रधानाचार्य मनोज कुकरेती और प्रबंधक राजेंद्र जखमोला सहित समस्त आचार्य वर्ग मौजूद रहा।

भूपेंद्र कुमार

By भूपेंद्र कुमार

प्रधान संपादक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *