रुद्रपुर। किच्छा-हल्द्वानी मार्ग पर सोमवार को आनंदपुर मोड़ के पास अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार युवक को रौंद दिया। इससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। युवक बीए का छात्र था और अपनी किताबें लेने जा रहा था। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए रुद्रपुर भेज दिया है। शांतिपुरी नगला निवासी युवक मिलन(17) पुत्र राजेश वर्ष बीए प्रथम वर्ष का छात्र था। बीते दो वर्ष से गोलगेट स्थित बालाजी क्लीनिक में हेल्पर का काम कर रहा था। उसे अपनी किताबें लेनी थी, इसलिए सोमवार को वह करीब डेढ़ बजे क्लीनिक से सीधे किच्छा मौसी के घर जाने के लिए अपनी पल्सर बाइक संख्या से निकला। रास्ते में आनंदपुर मोड़ के पास सामने से आ रहे अनियंत्रित ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी और उसकी मौके पर ही मौत हो गयी। सूचना पर पहुंची किच्छा पुलिस ने मृतक का पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए रुद्रपुर भेज दिया है। मिलन अपने माता पिता का इकलौता पुत्र था। उसकी दो छोटी बहनें राधा और रिशु राखी के ठीक दो दिन पहले अपने इकलौते भाई को खोने से गम में डूबी हुई हैं। परिवार में कोहराम मचा हुआ है। नगला में किराए के मकान में परिवार रखता है। पिता टाटा मोटर्स में ठेका कर्मी हैं। इकलौते पुत्र की मौत से घर में मातम छाया हुआ है।

भूपेंद्र कुमार

By भूपेंद्र कुमार

प्रधान संपादक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *