नई दिल्ली, एजेंसी। केरल के कोझिकोड में निपाह वायरस के एक ताजा मामले की पुष्टि हुई, जिसके बाद इस संक्रमण की चपेट में आने वाले मरीजों की कुल संख्या छह हो गई, जबकि मरने वालों की संख्या दो बनी हुई है। केरल निपाह के मामलों में नए सिरे से वृद्धि से जूझ रहा है। स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार हाई अलर्ट मोड में है और उन लोगों की जांच कर रही है, जो संक्रमित व्यक्तियों के संपर्क में रहे। केरल स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि उसने पॉजिटिव रोगियों की कॉन्टैक्ट लिस्ट में कुल 1,080 व्यक्तियों की पहचान की है और सैंपल एकत्र करना शुरू कर दिया है। इस बीच, सरकार वायरस के प्रसार को रोकने के प्रयास कर रही है।
भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) ने घोषणा की कि वह इसके इलाज के लिए ऑस्ट्रेलिया से मोनोक्लोनल एंटीबॉडी की 20 और खुराक खरीदेगी। आईसीएमआर के डीजी राजीव बहल ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया से खरीदी जा रही दवा को संक्रमण के शुरुआती चरण के दौरान दिए जाने की जरूरत है। उनके मुताबिक, भारत में अब तक किसी को भी यह दवा नहीं दी गई है। बहल ने कहा कि आईसीएमआर इस वायरल बीमारी के खिलाफ टीका विकसित करने पर भी काम शुरू करने की योजना बना रहा है।

भूपेंद्र कुमार

By भूपेंद्र कुमार

प्रधान संपादक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *