देहरादून। स्थित महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में 3 से 6 फरवरी तक आयोजित राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ में पेचक सिलाट (मार्शल आर्ट) प्रतियोगिता में हरिद्वार की बेटियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल 7 पदक अपने नाम किए। प्रतियोगिता में प्रदेश भर से लगभग 300–400 खिलाड़ियों (बालक एवं बालिका वर्ग) ने प्रतिभाग किया।
हरिद्वार की टीम ने अंडर-14 एवं अंडर-19 वर्ग में भाग लिया। पदक विजेताओं में नंदिनी (60–65 किग्रा) एवं काजल पांडेय (47–51 किग्रा) ने स्वर्ण पदक, साक्षी (+65 किग्रा) ने रजत पदक, जबकि साक्षी (55–60 किग्रा), काजल गुप्ता (60–65 किग्रा), खुशी चौहान (51–55 किग्रा) एवं अनोखी (50–55 किग्रा) ने कांस्य पदक प्राप्त किए।
विशेष उल्लेखनीय है कि पेचक सिलाट खेल में हरिद्वार को पहली बार इतने पदक प्राप्त हुए हैं। टीम को पिछले तीन महीनों से कोच निशा के मार्गदर्शन में निरंतर प्रशिक्षण दिया जा रहा था। उनके समर्पण, संघर्ष और अथक परिश्रम का ही परिणाम है कि खिलाड़ियों ने राज्य स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई।
इस प्रतियोगिता में कोच निशा की सगी बहन की पुत्री भांजी साक्षी (पुत्री काकी) ने भी प्रतिभाग करते हुए रजत पदक जीतकर परिवार एवं जनपद का नाम रोशन किया। यह उपलब्धि पूरे परिवार और हरिद्वार के लिए गर्व का विषय है।
अधिकांश खिलाड़ी मध्यमवर्गीय परिवारों से हैं। सीमित संसाधनों और अवसरों के बावजूद इन बेटियों ने अपनी मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास से यह सिद्ध कर दिया कि यदि सही मार्गदर्शन मिले तो वे किसी भी स्तर पर सफलता प्राप्त कर सकती हैं।
अब इन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन आगामी “खेलो इंडिया विमेंस लीग – नॉर्थ ज़ोन प्रतियोगिता” (23–24 फरवरी, दिल्ली) के लिए हुआ है, जहाँ वे उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी।
यह उपलब्धि न केवल खिलाड़ियों और कोच के लिए, बल्कि पूरे हरिद्वार जनपद के लिए प्रेरणास्रोत है।

भूपेंद्र कुमार

By भूपेंद्र कुमार

प्रधान संपादक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *