एप्रोच बचाने के लिए लोक निर्माण विभाग ने शुरू की मशक्कत
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : गाड़ीघाट से कुंभीचौड़ को जोड़ने वाले पुल की एप्रोच ढहने के बाद अब गिवईस्रोत पुल पर भी खतरा मंडराने लगा है। एक ओर से पुल की एप्रोच ढहने की स्थिति में आ गई है। हालांकि लोक निर्माण विभाग पुल की एप्रोच को बचाने की जद्दोजेहद में जुट गया है।
गिवईस्रोत के पुराने पुल के स्थान पर नया पुल बनाया गया था। इस पुल से ही सैकड़ों वाहन गढ़वाल के लिए गुजरते हैं। लेकिन, मंगलवार रात गिवईस्रोत गेदेरा उफान पर आने से पुल की एप्रोच ढहने की स्थिति में पहुंच गई है। नीचे से खोखली हो रही एप्रोच के कारण पुल पर एक बड़ा गड्ढा बन गया है। लोक निर्माण विभाग ने गड्ढे के आसपास पत्थर रखकर एप्रोच की नींव को भरने का कार्य शुरू कर दिया है। मालूम हो कि मंगलवार रात गाड़ीघाट से कुंभीचौड़ को जोडने वाले पुल की एप्रोच भी पूरी तरह ढह गई थी। जिससे पुल पर यातायात पूरी तरह बंद हो गया है। ऐसे में यदि गिवईस्रोत पुल की एप्रोच को बचाने के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए तो यह भी ताश के पत्तों के समान ढह सकता है।

भूपेंद्र कुमार

By भूपेंद्र कुमार

प्रधान संपादक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *