रानीखेत (सतीश जोशी) पर्यटक
नगरी के सदर बाजार सहित विभिन्न स्थानों में लोग विगत कई महीनों से एक घंटी वाली काले रंग की आक्रामक गाय के ख़ौफ़ से भयभीत हैं। विगत दिनों में यह गाय नगर के एक सर्राफा मालिक, सरस्वती स्कूल के एक कर्मचारी, एक
कपड़ा विक्रेता सहित दर्जनों स्थानीय लोगों पर धावा बोलकर चोटिल कर चुकी हैं। लोगों का कहना है इस गाय द्वारा नगर में कुछ अन्य मवेशियों के साथ बेख़ौफ़ घूमकर किसी पर भी हमला करना एवं दुकानों में घुसकर आक्रमण करना अब आम बात हो गई है। लोगों का कहना है कि इस मामले की कई बार उन्होंने स्थानीय छावनी परिषद एवं प्रशासन को सूचना दी लेकिन बावजूद इसके छावनी परिषद एवं स्थानीय प्रशासन इतने संवेदनशील मामले को लेकर कुंभकर्णी नींद में सोया हुआ है। जिसको लेकर स्थानीय लोगो में भारी रोष व्याप्त है। उनको अब लगने लगा है कि किसी बड़ी अनहोनी के बाद ही प्रशासन जागेगा। पर्यटक सीजन में बाहर से आ रहे सैलानियों के लिए भी यह आवारा मवेशी मुसीबत का सबब बने हुए हैं। भाजपा के नगर मीडिया प्रभारी रामेश्वर गोयल ने बताया की कुछ दिन पूर्व इसी गाय ने उनके संस्थान के बाहर उन पर भी अपनी सींगों से जानलेवा हमला किया। लेकिन दूर छिटक कर गिर जाने के कारण किस्मत से वह बाल बाल बच गए। लोगों ने अब नगर में बेख़ौफ़ घूम रहे ऐसे आवारा मवेशियों पर अतिशीघ्र कार्यवाही ना होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।

भूपेंद्र कुमार

By भूपेंद्र कुमार

प्रधान संपादक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *