वेरावल, एजेंसी। चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के बाद सभी की निगाहें विक्रम लैंडर और प्रज्ञान रोवर पर टिकी हुई हैं। इसी बीच भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (करफड) के प्रमुख एस सोमनाथ का बयान सामने आया, जिसमें उन्होंने कहा कि प्रज्ञान रोवर ने वही किया जो उससे अपेक्षित था। अगर वह वर्तमान में नींद से नहीं जागता है तो भी कोई समस्या नहीं होती।
गुजरात के गिर सोमनाथ जिले में स्थित प्रसिद्ध सोमनाथ मंदिर का दौरा करने के बाद इसरो प्रमुख ने पत्रकारों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अंतरिक्ष एजेंसी अब एक्स-रे पोलारिमीटर सैटेलाइट की लॉन्चिंग की तैयारी कर रही है, जो नवंबर या दिसंबर में हो सकती है।
वहीं, चंद्रमा पर सो रहे प्रज्ञान की स्थिति के बारे में इसरो प्रमुख ने कहा कि चंद्रमा पर शून्य से तकरीबन 200 डिग्री सेल्सियस तापमान नीचे चला गया है और यदि इसके इलेक्ट्रॉनिक सर्किट क्षतिग्रस्त नहीं हुए हैं तो यह नींद से जाग जाएगा।
इसरो ने पिछले हफ्ते कहा था कि चंद्रमा पर भोर होने के साथ ही चंद्रयान -3 के लैंडर विक्रम और रोवर प्रज्ञान के साथ संचार स्थापित करने की कोशिश की गई ताकि इस माह की शुरुआत में उनकी स्थिति के बारे में पता लगाया जा सके, लेकिन कोई सिग्नल नहीं मिल सका।
सनद रहे कि चांद पर रात होने से पहले ही लैंडर और रोवर दोनों को ही चार और दो सितंबर को स्लीप मोड में डाल दिया गया। आसान भाषा में समझाएं तो दोनों नींद में चले गए, जिन्हें जगाने का प्रयास किया गया। हालांकि, उनसे कोई सिग्नल नहीं मिला।

भूपेंद्र कुमार

By भूपेंद्र कुमार

प्रधान संपादक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *