

रानीखेत (सतीश जोशी) उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने शुक्रवार को अपनी विधानसभा रानीखेत क्षेत्र अंतर्गत आने वाली ग्रामसभा चमोली- पिलखोली में वर्षों से प्रतीक्षारत पम्पिंग योजना का उद्घाटन कर गांववासियों को समर्पित किया।
इस पंपिंग योजना के उद्घाटन से प्रसन्न ग्रामीणों ने प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा का स्वागत ढोल नगाड़े बजाकर किया। अपने संबोधन में माहरा ने कहा कि यह पंपिंग योजना अब इन गांवों से जुड़े लोगों को को स्वच्छ जल की निरंतर सुविधा देगी जो कि इन लोगों का मूलभूत अधिकार भी है और इस क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि भी। उनका कहना था कि जहाँ सपने सालों से प्यासे थे वहाँ अब इस योजना के चलते जीवन बहता दिखाई देगा। उन्होंने कहा कि पिलखोली पंपिंग योजना का संचालन सिर्फ एक योजना का शुभारंभ नहीं बल्कि इस क्षेत्र के लोगों के धैर्य, संघर्ष और भरोसे की जीत भी है। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख हीरा रावत, ब्लॉक अध्यक्ष गोपाल देव, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष गीता पवार, नगर अध्यक्ष नेहा माहरा, बीडीसी सदस्य बबिता फर्त्याल, कोऑर्डिनेटर कुलदीप कुमार यतीश रौतेला समेत अनेक ग्रामवासी उपस्थित रहे।
