अल्मोड़ा। जिलाधिकारी विनीत तोमर ने विकासखंड चौखुटिया के अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण, निरीक्षण तथा जनसुनवाई की। जिलाधिकारी ने सर्वप्रथम तड़गताल का निरीक्षण किया साथ ही यहां पर लोगों की समस्याओं को सुना तथा लोगों की शिकायतों का निस्तारण करने के निर्देश उपस्थित संबंधित अधिकारियों को दिए। इसके पश्चात जिलाधिकारी ने तहसील मुख्यालय चौखुटिया का निरीक्षण किया। यहां पर जिलाधिकारी ने सभी पटलों का निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाओं को बनाए रखने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने तहसीलदार को निर्देश दिए कि कोर्ट केस लंबित न रहे, तथा जो केस निस्तारित किए जाते हैं, उनकी नियमित रिपोर्ट जिला कार्यालय को प्रेषित किया जाए। उन्होंने तहसील में स्थापित आपदा कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर कंट्रोल रूम को 24 घंटे सुचारू रखने के निर्देश दिए एवं कंट्रोल रूम से प्राप्त सूचनाओं पर त्वरित एक्शन लेने तथा सभी सूचनाओं का रिकर्ड सुरक्षित रखने के निर्देश दिए। इसके पश्चात जिलाधिकारी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौखुटिया में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को परखा। उपस्थिति पंजिका एवं बायोमेट्रिक उपस्थिति का मिलान सही न होने पर नाराजगी जाहिर की तथा संबंधित को स्थिति सुधारने की सख्त हिदायत दी। जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए कि रोस्टर बनाकर रेडियोलजिस्ट की तैनाती करने और ओपीडी बढ़ाने के निर्देश दिए। इसके बाद जिलाधिकारी ने विकासखंड मुख्यालय पहुंचकर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं लोगों की समस्याओं को सुना तथा अधिकारियों को निर्देश दिए कि समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। इसके उपरांत जिलाधिकारी ने चौखुटिया के ग्राम जेठुआ में ग्राम चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्या सुनी। जिलाधिकारी ने सिंचाई की समस्या पर अधिशासी अभियंता सिंचाई को निर्देश दिए कि सिंचाई के लिए बेलदारों की संख्या बढ़ाई जाए तथा रोस्टर बनाकर गांवों में सिंचाई की व्यवस्था की जाए। इस दौरान प्रभागीय वनाधिकारी दीपक सिंह, उपजिलाधिकारी जयवर्धन सिंह समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

भूपेंद्र कुमार

By भूपेंद्र कुमार

प्रधान संपादक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *