रानीखेत (सतीश जोशी) अधिवक्ता संघ के एडवोकेट विनोद कांडपाल के साथ विगत दिनों कुछ लोगों द्वारा मारपीट के मामले में अधिवक्ता संघ रानीखेत द्वारा द्वारा तत्काल प्राथमिकी दर्ज ना करने की स्थिति में आंदोलन की धमकी के बाद आखिरकार पुलिस द्वारा कोतवाली रानीखेत में 4 लोगों पर विभिन्न धाराओं में नामजद एफआईआर दर्ज कर ली गई है। गौरतलब है कि विगत दिनों अपने साथी अधिवक्ता के साथ बुरी तरह से मारपीट के बाद भी रानीखेत पुलिस द्वारा 5 दिन बाद भी प्राथमिकी दर्ज ना किए जाने से गुस्साए अधिवक्ता संघ रानीखेत के सदस्यों ने सोमवार को संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रकाश को ज्ञापन सौंपकर तत्काल आरोपियों की प्राथमिकी दर्ज कर उचित कार्यवाही की मांग की थी। अधिवक्ता संघ ने प्राथमिकी दर्ज ना करने की स्थिति में आंदोलन की धमकी तक दे डाली। जिसके बाद पुलिस ने हरकत में आकर स्थानीय कोतवाली में पीड़ित एडवोकेट विनोद कांडपाल द्वारा अपनी प्राथमिकी में नामित मारपीट के आरोपियों नवीन कुवार्बी, जगदीश बिष्ट, भरत अधिकारी एवं अजय के खिलाफ कोतवाली में एफआईआर दर्ज कर दी। कोतवाल अशोक धनकड ने बताया कि एडवोकेट विनोद कांडपाल द्वारा स्थानीय कोतवाली में मारपीट को सूचना दी थी जिस पर चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पीड़ित की सूचना के आधार पर भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 115(2), 117(2) एवं 351(3) लगाई गई है। उनका कहना था कि पुलिस द्वारा पूरे मामले की गहनता से जाँच के बाद ही आवश्यक कानूनी कार्यवाही की जायेगी। इधर दूसरे पक्ष ने भी एडवोकेट के ख़िलाफ़ प्राथमिकी दर्ज करने की बात कही है।
