जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : लैंसडौन क्षेत्र में गुलदार का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा। बुधवार को कान्वेंट स्कूल मार्ग पर गुलदार ने दो बाइक सवारों पर हमला कर दिया। बाइक सवार ने किसी तरह बाइक भगाकर अपनी जान बचाई। क्षेत्रवासियों ने वन विभाग से गुलदार के आतंक से निजात दिलवाने की मांग की है। कहा कि गुलदार की धमक के कारण लोगों का घरों से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है।
प्रत्यक्षदर्शी बसंती नौडियाल ने बताया कि बुधवार शाम करीब 7:00 बजे दो युवक बाइक पर सवार होकर छावनी परिषद कार्यालय से ऊपर की तरफ कान्वेंट स्कूल से चर्च की ओर जाने वाली सड़क पर जा रहे थे। तभी आर्मी स्कूल और कान्वेंट स्कूल के बीच अचानक जंगल से निकलकर एक गुलदार ने उन पर हमला कर दिया। हमले में वे बाल-बाल बचे, इसके बाद गुलदार ने उनके पीछे दौड़ लगा दी। गुलदार को पीछे दौड़ता देख बाइक सवारों के होश उड़ गए। उन्होंने बाइक तेज दौड़ा दी और पीछे बैठे युवक ने हल्ला मचाना शुरू कर दिया। बाइक सवार के साथ स्थानीय लोग भी चिल्लाने लगे। हल्ला सुनकर गुलदार जंगल की ओर भाग गया। इसके बाद बाइक सवार की जान पर जान आई। लैंसडौन रेंज अधिकारी राकेश चंद्र ने बताया कि गुलदार के हमले की सूचना मिलते ही नागरिकों की सुरक्षा के लिए क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है।

भूपेंद्र कुमार

By भूपेंद्र कुमार

प्रधान संपादक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *