
रानीखेत (सतीश जोशी) कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने क्षेत्रीय विधायक डॉ प्रमोद नैनवाल पर आरोप लगाया कि विधायक अपनी करनी का ठीकरा कांग्रेस पर मढ़ रहे हैं।उन्होंने कहा कि विधायक का कार्य जनता के सेवा करना है नाकि आए दिन जनता के साथ दुर्व्यवहार करना।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने अपने ग्रह क्षेत्र रानीखेत में प्रेस वार्ता कर क्षेत्रीय विधायक डॉ प्रमोद नैनवाल को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि 2 साल के अंदर विधायक के साथ इतने विवाद होना उनके वास्तविक चेहरे को बेनक़ाब करता है। वह कोर्ट जाने की धमकी देकर कांग्रेसियों को दवाब में लेने का प्रयास न करें। अगर वह कोई क़ानूनी कदम उठाते हैं तो न्यायपालिका के दरवाजे सभी के लिए खुले हैं। उन्होंने कहा कि प्रमोद नैनवाल अपनी करनी का ठीकरा मेरा पुतला फूंक कर क्या दर्शाना चाहते थे। उन्होंने कहा कि पहले भी इस क्षेत्र में और भी विधायक रह चुके हैं, सभी के संबंध आम जनता के साथ सामान्य रहे हैं। उनके साथ ही क्यों इस तरह के विवाद पैदा हो रहे हैं। उनका कहना था कि विधायक पहले अपने व्यवहार को ठीक करें। जनता का सेवक बनकर क्षेत्र के विकास के लिए कार्य करें। उन्होंने गौ हत्याओ की जांच पर भी जोर देते हुए कहा कि इसके पीछे भी कोई गहरी साजिश हो सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि मेरे द्वारा पूर्व में किए गए कार्यों को अपना बताकर विधायक प्रमोद नैनवाल जनता को गुमराह ना करें। आज क्षेत्र का एकमात्र नागरिक चिकित्सालय बदहाल स्थिति में आ पहुंचा है। चिकित्सालय के अधीक्षक विधायक के सामने नतमस्तक हैं। मरीज बेहाल है। चिकित्सालय में मेरे द्वारा किए गए पुराने कार्यों पर अपना नाम लिखवा विधायक सिर्फ़ वाहवाही लूटने का प्रयास कर रहे हैं।
पत्रकार वार्ता में उनके साथ कैलाश पांडे, अगस्त लाल शाह, अतुल जोशी, गोपाल देव, कुलदीप कुमार, नेहा मेहरा, गीता पवार, बसंती दोरियल, कंचन आर्य, दीप उपाध्याय, सुरेंद्र पवार, महेंद्र रावत, सोनू सिद्घिकी आदि मौजूद थे।
