देहरादून। दून के नेहरू कलोनी थाने में तैनात सिपाही का डेंगू के चलते निधन हो गया। वह एक निजी अस्पताल में भर्ती थे। डेंगू होने के बाद से उनकी लगातार प्लेटलेट्स गिर रही थी। शनिवार रात उन्होंने अंतिम सांस ली। पुलिस विभाग ने श्रद्घांजलि देकर उन्हें अंतिम विदाई दी। नेहरू कलोनी थाना अध्यक्ष लोकेंद्र बहुगुणा ने बताया कि कांस्टेबल जगमोहन पंवार की पोस्टिंग उनके थाने में थी। कुछ दिन पहले डेंगू होने पर तबीयत बिगड़ी। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। निजी अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था। जहां तबीयत लगातार बिगड़ती गई और शनिवार रात निधन हो गया। उनके आकस्मिक निधन पर डीआईजी देहरादून दलीप सिंह कुंवर ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। दुख की इस घड़ी में शोक संतृप्त परिवार को धैर्य व शक्ति प्रदान करने के लिए ईश्वर से कामना की। जगमोहन पंवार वर्ष 2007 में उत्तराखंड पुलिस में भर्ती हुए थे। वह मूलरूप से ब्रह्मखाल, उत्तरकाशी के रहने वाले थे। वर्तमान में दीपनगर, देहरादून में अपने परिवार के साथ रह रहे थे। दीपनगर स्थित आवास पर पुलिस के उच्चाधिकारियों व आमजनों ने पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्घांजलि दी और राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई।

 

भूपेंद्र कुमार

By भूपेंद्र कुमार

प्रधान संपादक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *