श्रीहरिकोटा, एजेंसी। चंद्रयान-3 मिशन का प्रज्ञान रोवर चांद पर घूमकर अलग-अलग जानकारी जुटा रहा है। रोवर ने चांद की सतह पर सेंचुरी लगाते हुए अब तक 100 मीटर की दूरी भी तय कर ली है। इसरो ने शनिवार को ये जानकारी दी। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लैंडर विक्रम और रोवर प्रज्ञान के बीच की दूरी का ग्राफ शेयर किया है। इसमें दिखाया गया है कि प्रज्ञान पहले लैंडर से पश्चिम की तरफ जा रहा था। बाद में इसने दिशा बदलकर उत्तर की तरफ चलना शुरू किया। इसरो ने 50&50 स्केल के आधार पर ग्राफ बनाया है, जिसमें बताया है कि रोवर 101.4 मीटर दूरी तय कर चुका है।
विक्रम लैंडर 23 अगस्त को चंद्रमा पर उतरा था। रोवर को यह दूरी तय करने में 10 दिन लगे। इसरो चीफ एस सोमनाथ ने शनिवार को मिशन की आगे की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए कहा कि इसरा अब चंद्रमा की रात नजदीक आने पर विक्रम लैंडर और प्रज्ञान रोवर के लिए ‘स्लीप मोड’ ऑपरेशन शुरू करने की तैयारी कर रहा है, जिसके दौरान तापमान -200 डिग्री सेल्सियस से नीचे गिरने की उम्मीद है। चांद पर भेजे गए चंद्रयान-3 के रोवर और लैंडर ठीक से काम कर रहे हैं और चूंकि चंद्रमा पर अब रात हो जाएगी, इसलिए इन्हें निष्क्रिय किया जाएगा। सोमनाथ ने कहा कि हमारी टीम अब वैज्ञानिक साजो- सामान के साथ ढेर सारा काम कर रही है। उन्होंने बताया कि लैंडर से रोवर कम से कम 100 मीटर दूर हो गया है और हम आने वाले एक या दो दिन में इन्हें निष्क्रिय करने की प्रक्रिया शुरू करने जा रहे हैं, क्योंकि चांद पर रात होने वाली वाली है।

भूपेंद्र कुमार

By भूपेंद्र कुमार

प्रधान संपादक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *