नई दिल्ली, एजेंसी। संसद का मानसून सत्र अबतक मणिपुर हिंसा सहित कई मुद्दों को लेकर हंगामेदार रहा है। इसी बीच शिवसेना (यूबीटी) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नई संसद का उद्घाटन हो गया है, लेकिन अबतक एक दिन भी नई संसद में सत्र नहीं चला।
2014 में जो उनके मुद्दे थे उन पर तो बात हो जाए। वह (प्रधानमंत्री) ‘मन की बात’ करने लगे हैं, लेकिन ‘जन की बात’ नहीं करते। नई संसद का उद्घाटन हो गया, संसद का सत्र चल रहा है, लेकिन अभी तक एक दिन नई संसद में सत्र नहीं लगा।
उन्होंने कहा कि क्या संसद को एक संग्रहालय के रूप में कार्य करने के लिए बनाया गया था? बता दें कि मानसून सत्र की शुरुआत से पहले ही प्रधानमंत्री मोदी ने नई संसद को राष्ट्र को समर्पित कर दिया था और राजनीतिक हलकों में ऐसी संभावना जताई जा रही थी कि इस बार का मानसून सत्र नई संसद में हो सकता है। हालांकि, ऐसा नहीं हुआ।
नई संसद में सुरक्षा व्यवस्था के खास इंतजाम किए गए हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने मई माह के आखिरी सप्ताह में नई संसद को राष्ट्र को समर्पित करते हुए कहा था कि यह 140 करोड़ भारतीय नागरिकों की आकांक्षाओं और सपनों का प्रतिबिंब है। साथ ही उन्होंने कहा था कि आज पूरी दुनिया भारत को आदर और उम्मीद के भाव से देख रही है।

 

भूपेंद्र कुमार

By भूपेंद्र कुमार

प्रधान संपादक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *