जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : अक्तूबर महीने में होने वाले छात्रसंघ चुनाव को लेकर विभिन्न छात्र संगठनों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इन दिनों संभावित प्रत्याशियों द्वारा प्रचार-प्रसार तेज कर दिया गया है। सोशल मीडिया से लेकर पोस्टरबाजी छात्र नेताओं ने शुरू कर दी है। इसके अलावा कॉलेज में आने नए छात्रों को अपने पक्ष में करने में जुट गए है। कॉलेज प्रशासन भी चुनाव की तैयारियों में जुट गया है।
बीजीआर परिसर में युवा छात्र नेताओं ने छात्रसंघ चुनाव की तैयारियां तेज कर दी है। इन दिनों कॉलेज परिसर राजनीतिक गतिविधियों से गुलजार हो गया। छात्र संघ संगठन से जुड़े नेताओं ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। छात्रसंघ चुनाव की मंशा पाले संभावित उम्मीदवारों ने कॉलेज परिसर से लेकर शहर की दीवारों में पोस्टर लगवाने शुरू कर दिए है। इसके साथ ही वे अपने पक्ष में माहौल बनाने लगे हुए हैं। सोशल मीडिया प्लेटफार्म के जरिए वे छात्रों को रिझाने की भी कोशिश कर रहे हैं। वहीं एबीवीपी व एनएसयूआई समेत अन्य छात्र संगठनों से जुड़े छात्रों ने दावेदारी के लिए जोर अजमाइश करना शुरू कर दिया है। बीजीआर परिसर पौड़ी के निदेशक पीपी बडोनी ने बताया कि छात्रसंघ चुनाव की तिथि गढ़वाल विवि श्रीनगर से तय की जानी है। जल्द चुनाव की तिथि की घोषणा कर दी जाएगी। कॉलेज प्रशासन ने भी चुनाव की अपनी ओर से तैयारियां शुरू कर दी है।

भूपेंद्र कुमार

By भूपेंद्र कुमार

प्रधान संपादक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *