राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कोटद्वार में हुआ विवाद
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता व कालेज के पूर्व छात्र का जन्मदिन मनाने को लेकर छात्र संगठनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि अभाविप कार्यकर्ताओं ने छात्रसंघ अध्यक्ष व एनएसयूआई कार्यकर्ता के साथ मारपीट की।
महाविद्यालय के छात्र संघ अध्यक्ष अंकुश घिल्डियाल ने बताया कि शुक्रवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़े छात्रों ने महाविद्यालय में भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता विपिन कैंथोला का जन्मदिन मनाते हुए केक काटा, जिसका उन्होंने विरोध किया। इस दौरान एनएसयूआई व अभाविप से जुड़े छात्रों के बीच जमकर बहस हुई। उस समय तो मामला शांत हो गया, लेकिन शनिवार सुबह अभाविप से जुड़े छात्रों ने महाविद्यालय में एनएसयूआई से जुड़े छात्र अनिष्क और छात्र संघ अध्यक्ष अंकुश घिल्डियाल के साथ मारपीट कर दी, जिसमें अनिष्क के सिर व कमर पर चोटें आ गई। वहीं भाजयुमो नेता शुभम रावत ने बताया कि प्रदेश प्रवक्ता कोटद्वार डिग्री कॉलेज के छात्र रहे हैं और उनका जन्मदिन मनाने के लिए सभी एकत्र हुए थे, इसी दौरान एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने अभद्रता शुरू कर दी। कोटद्वार कोतवाली के एसएसआई जगमोहन रमोला ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर मिली है और पुलिस जांच कर रही है।

भूपेंद्र कुमार

By भूपेंद्र कुमार

प्रधान संपादक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *