चम्पावत। पूर्णागिरि में आठ घंटे तक वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रही। बाटनागाड़ और हनुमान चट्टी के पास बड़ी मात्रा में मलबा व पत्थर गिर गए। इससे यहां सड़क बंद हो गई। सड़क बंद होने से ग्रामीणों व श्रद्घालुओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। रविवार तड़के करीब पांच बजे पूर्णागिरि मार्ग में हनुमान चट्टी के पास पहाड़ी से बड़ी मात्रा में मलबा और पत्थर सड़क पर गिर गया। इससे यहां से वाहनों की आवाजाही बंद हो गई। इसके करीब एक घंटे बाद सुबह छह बाटनागाड़ के पास भी सड़क में मलबा और पत्थर आ गया। दोनों स्थानों पर सड़क बंद होने से वाहनों को बूम और ठूलीगाड़ में रोक दिया गया। ठूलीगाड़ चौकी प्रभारी अरविंद गुप्ता ने बताया कि हनुमान चट्टी के पास आए मलबे को कड़ी मशक्कत के बाद अपरान्ह करीब एक बजे हटाया जा सका। जबकि बाटनागाड़ में आए मलबे को सुबह आठ बजे हटा लिया गया। आवाजाही बाधित होने से स्थानीय लोगों और ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इधर लोनिवि के अपर सहायक अभियंता लक्ष्मण सामंत और तनुजा देव ने बताया कि पूर्णागिरि मार्ग में वाहनों की आवाजाही सुचारू कर दी गई है।

भूपेंद्र कुमार

By भूपेंद्र कुमार

प्रधान संपादक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *