जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : बदभद्रपुल में नियमों के विरुद्ध बनाए गए ब्रेकर की चपेट में आने से हुई बाइक सवार की मौत के बाद वार्डवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। वार्डवासियों ने मार्ग पर बने ब्रेकर को ध्वस्त करते हुए लोक निर्माण विभाग से अन्य ब्रेकरों की स्थिति भी सुधारने की मांग उठाई।
तीन दिन पूर्व बलभद्रपुर मोहल्ले में बीच सड़क पर बने स्पीड ब्रेकर की चपेट में आने से मोटर नगर निवासी पारस रावत की मौत हो गई थी। इसके बाद आक्रोशित वार्डवासियों का मोहल्ले की सड़क पर बने स्पीड ब्रेकर पर गुस्सा फूट पड़ा। मोहल्लेवासियों ने हाथों में गेंती व फावड़े लेकर स्पीड ब्रेकर को तोड़ दिया। वहीं, उन्होंने लोक निर्माण विभाग पर नियमों का उल्लंघन कर सड़क पर ब्रेकर बनाने का आरोप लगाया। कहा कि पूरी सड़क पर कई फुट ऊंचे ब्रेकर बनाए गए हैं। जिससे आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती है। पूर्व में वार्डवासियों ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को समस्या से अवगत भी करवाया था। लेकिन, सरकारी सिस्टम ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। नतीजा ब्रेकर निर्माण में बरती लापरवाही से एक युवक की जान चली गई।
