रुद्रप्रयाग। गौंडार-मद्महेश्वर पैदल मार्ग पर बनतोली के पास गौंडार के ग्रामीणों के सहयोग से लकड़ी का पुल बना दिया गया है। लोनिवि ने लकड़ी के पुल बनाने में ग्रामीणों का भरपूर सहयोग लिया। पुल बनते ही मद्महेश्वर जाने वाले यात्रियों को भी बडी राहत मिली है। जबकि ग्रामीणों ने सुकून की सांस ली। भारी बारिश के चलते बीती 13 अगस्त की रात को बनतोली में सरस्वती(मोरकंडी) नदी पर बना गार्डर पुल बह गया। इससे करीब 250 यात्री मदमहेश्वर में ही फंस गए थे। इसके बाद शासन-प्रशासन ने हेली से रेस्क्यू कराया जिसमें गौंडार के ग्रामीणों ने सहयोग दिया। इधर, प्रशासन ने लोनिवि ऊखीमठ को शीघ्र पुल बनाने के निर्देश दिए। लोनिवि ऊखीमठ द्वारा बनतोली में लकड़ी के पुल बनाने के प्रयास शुरू हुए जिसमें गौंडार के ग्रामीणों ने भरपूर सहयोग दिया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशों पर बनतोली में आवाजाही के लिए वैकल्पिक पुल बनाने की कार्रवाई शुरू की गई। लोनिवि को गौंडार के ग्रामीणों का साथ मिला। जिससे रविवार को पुल तैयार हो गया है। इस पर आवाजाही भी शुरू कर दी गई है। इसके साथ ही अब मद्महेश्वर जाने वाले यात्रियों को परेशानियां नहीं उठानी पड़ेंगी। गौंडार के ग्राम प्रधान वीर सिंह ने कहा कि ग्रामीणों द्वारा पुल बनाने में काफी सहयोग किया गया जिससे पुल पर आवाजाही शुरू हो गई है। इसके साथ ही अब मदमहेश्वर जाने वाले यात्रियों को भी बड़ी राहत मिल गई है।

 

भूपेंद्र कुमार

By भूपेंद्र कुमार

प्रधान संपादक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *