नई दिल्ली, एजेंसी। अपनी बेबाकी के लिए मशहूर वरिष्ठ भाजपा नेता नितिन गडकरी ने कहा है कि वह चुनाव प्रचार के दौरान अपने लोकसभा क्षेत्र नागपुर में कोई बैनर या पोस्टर नहीं लगवाएंगे। साथ ही उन्होंने यह भी कहा है कि लोगों को चाय तक नहीं पिलाएंगे। बता दें कि महाराष्ट्र के वाशिम में तीन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के उद्घाटन के दौरान नितिन गडकरी ने ये बातें कही हैं। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस घोष वाक्य को भी दोहराया, जिसमें वह कहते हैं, न खाऊंगा और न किसी को खाने दूंगा। गडकरी ने कहा कि इस लोकसभा चुनाव के लिए मैंने फैसला किया है कि कोई बैनर या पोस्टर नहीं लगाया जाएगा।
लोगों को चाय नहीं दी जाएगी, जिन्हें वोट देना है वे वोट देंगे और जिन्हें नहीं देना है वे नहीं देंगे। न ही मैं रिश्वत लूंगा और न ही मैं किसी को लेने दूंगा। मुझे विश्वास है कि मैं ईमानदारी से आप सभी की सेवा कर सकूंगा। इससे पहले जुलाई में नितिन गडकरी ने एक किस्सा सुनाते हुए कहा था कि उन्होंने एक बार चुनाव के दौरान मतदाताओं को मटन उपलब्ध कराया था, लेकिन फिर भी वह हार गए।

भूपेंद्र कुमार

By भूपेंद्र कुमार

प्रधान संपादक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *