जगदलपुर, एजेंसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बिहार की जातीय जनगणना के सार्वजनिक होने के बाद कांग्रेस के..जिसकी जितनी आबादी उसकी उतनी भागीदारी..के बयान पर उसे आड़े हाथों लेते हुए कहा हैं कि वह देश के हिन्दुओं और गरीबों को बांटने का कुचक्र कर रही है। पीएम मोदी ने आज यहां भाजपा की परिवर्तन रैली को संबोधित करते हुए कहा कि सबसे बड़ी जाति गरीब की है, और अगर उसका भला हो गया तो देश का भला हो जाएगा। उन्होंने बगैर कोई नाम लिए कांग्रेस पर एक देश के साथ गुप्त समझौता करने का भी गंभीर आरोप लगाया और कहा कि भारत की बुराई करने में उसे मजा आ रहा है। भारत के प्रति उसका प्रेम कम होता जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भारत के संसाधनों पर पहला हक गरीब का है चाहे वह दलित, पिछड़ा या फिर सामान्य वर्ग से हो। गरीब के जीवन में बदलाव होना चाहिए। कांग्रेस नई मांग कर देश के लोगों के बीच खाई को बढ़ाने और उनके बीच बैर बढ़ाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री डा.मनमोहन सिंह का उल्लेख करते हुए कहा कि..उन्होंने कहा था कि देश के संसाधनों पर पहला हक अल्पसंख्यकों का है, अब कांग्रेस की नई मांग से वह क्या सोच रहे होंगे..।
कांग्रेस पर अल्पसंख्यकों का हक कम करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस को आज कांग्रेस के लोग नहीं चला रहे हैं, वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के मुंह पर ताला लगा हुआ है। कांग्रेस को आउटसोर्स कर दिया गया है। पर्दे के पीछे खेल खेले जा रहे हैं और देश विरोधी ताकतों से मिल गए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश को गरीबी दी है और जातियों में समाज को बांटने का काम किया है।

भूपेंद्र कुमार

By भूपेंद्र कुमार

प्रधान संपादक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *