अंबेडकर जयंती के पावन अवसर पर सुराज सेवा दल के प्रदेश अध्यक्ष श्री रमेश जोशी के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा देहरादून स्थित घंटाघर पर भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा पर श्रद्धा एवं सम्मान के साथ माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं ने बाबा साहेब के आदर्शों—समानता, न्याय, संवैधानिक अधिकारों और सामाजिक समरसता—को अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष श्री रमेश जोशी ने अपने संबोधन में कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर का जीवन संघर्ष, त्याग और सामाजिक परिवर्तन की अद्वितीय मिसाल है। उन्होंने देश को एक सशक्त संविधान दिया, जो आज भी प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार और न्याय सुनिश्चित करता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बाबा साहेब के विचारों को केवल स्मरण करने की नहीं, बल्कि उन्हें व्यवहार में लागू करने की आवश्यकता है।

इसके पश्चात, माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के देहरादून आगमन के अवसर पर सुराज सेवा दल के प्रदेश पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा राज्य से जुड़े विभिन्न ज्वलंत जनहित मुद्दों को लेकर प्रधानमंत्री जी को ज्ञापन सौंपने हेतु प्रस्थान किया गया। ज्ञापन में विशेष रूप से उत्तराखंड के युवाओं के रोजगार, बढ़ते पलायन, कानून व्यवस्था की स्थिति, भ्रष्टाचार, विकास कार्यों में अनियमितताएं, तथा जनहित से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों को प्रमुखता से शामिल किया गया।

कार्यकर्ताओं का जत्था जब किशननगर चौक पहुंचा, तो पुलिस प्रशासन द्वारा उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया गया। प्रशासन द्वारा लगाए गए इस प्रतिबंध का सुराज सेवा दल के कार्यकर्ताओं ने विरोध किया। इसके पश्चात प्रदेश अध्यक्ष श्री रमेश जोशी के नेतृत्व में सभी कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से गिरफ्तारी देकर अपना विरोध दर्ज कराया।

प्रदेश अध्यक्ष श्री रमेश जोशी ने कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज को दबाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सुराज सेवा दल केवल जनहित के मुद्दों को उठाने और उन्हें शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का कार्य कर रहा है, लेकिन यदि जनप्रतिनिधियों तक जनता की आवाज पहुंचाने में भी बाधाएं उत्पन्न की जाएंगी, तो यह लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध है।

उन्होंने आगे कहा कि सुराज सेवा दल किसी भी परिस्थिति में जनता के अधिकारों और प्रदेश के हितों के लिए संघर्ष करना नहीं छोड़ेगा। संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता जनता की समस्याओं को मजबूती से उठाने के लिए प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी इसी प्रकार जनहित के मुद्दों पर आंदोलन जारी रहेगा।

इस मौके पर रमेश जोशी, देवेन्द्र बिष्ट, सुमित अग्रवाल, कावेरी जोशी, विजेंद्र, राजेश थापा, दीपक राणा, कमल धामी, पूजा नेगी, पूजा बिष्ट, संगीता, हिमांशु धामी, सागर वर्मा, दिव्यांश, यश, कुनाल, शिवम् आदि मौजूद रहे।

भूपेंद्र कुमार

By भूपेंद्र कुमार

प्रधान संपादक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *