हरिद्वार ।
अखिल विश्व गायत्री परिवार के युवा प्रतिनिधि डॉ. चिन्मय पण्ड्या अपने विदेश प्रवास के क्रम में इंग्लैण्ड पहुंचे, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री निवास में प्रधानमंत्री के विशेष सहयोगियों से भेंट कर युगऋषि परम पूज्य पं. श्रीराम शर्मा आचार्य के विचार क्रांति अभियान से अवगत कराया। इस अवसर पर उन्होंने शांतिकुंज हरिद्वार द्वारा संचालित विविध रचनात्मक, शैक्षिक एवं सामाजिक योजनाओं की विस्तृत जानकारी साझा की।
शांतिकुंज मीडिया विभाग द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, युगऋषि की जन्मशताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में उनके क्रांतिकारी विचारों को वैश्विक स्तर पर नीति-निर्माताओं, शिक्षाविदों एवं गणमान्य व्यक्तित्वों तक पहुंचाने के उद्देश्य से डॉ. चिन्मय पण्ड्या यूके एवं यूरोप प्रवास पर हैं। लिथुआनिया सहित विभिन्न यूरोपीय देशों की यात्रा के पश्चात वे इंग्लैण्ड पहुंचे, जहां प्रधानमंत्री निवास में विशेष सहयोगियों के साथ महत्वपूर्ण भेंट हुई।
भेंट के दौरान युवा प्रतिनिधि डॉ. पण्ड्या ने शांतिकुंज की ‘विचार क्रांति अभियान’, युवा जागरण, नशामुक्ति जैसे विविध सामाजिक अभियानों की जानकारी दी। साथ ही, देवसंस्कृति विश्वविद्यालय द्वारा शिक्षा एवं शोध के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों, भारतीय संस्कृति आधारित समग्र शिक्षा पद्धति और वैश्विक सहयोग पहलों पर भी विस्तार से चर्चा की।
विज्ञप्ति में बताया गया कि प्रधानमंत्री निवास में प्रवेश सामान्यतः अत्यंत विशिष्ट एवं आमंत्रित अतिथियों को ही प्रदान किया जाता है। यहां इंग्लैण्ड के मंत्रियों को भी विशेष परिस्थिति में ही प्रवेश की अनुमति मिलती है। ऐसे प्रतिष्ठित स्थल पर युगऋषि के विचारों का प्रतिनिधित्व होना अखिल विश्व गायत्री परिवार के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है।
देवसंस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति डॉ. पण्ड्या ने कहा कि युगऋषि के विचार ‘हम बदलेंगे-युग बदलेगा’ की भावना को लेकर विश्व के विभिन्न मंचों पर संवाद स्थापित करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भारतीय संस्कृति की मूल भावना वसुधैव कुटुम्बकम् के आधार पर वैश्विक समन्वय एवं नैतिक पुनर्जागरण की दिशा में सकारात्मक पहलें और सुदृढ़ होंगी।
इस अवसर पर उपस्थित सहयोगियों ने शांतिकुंज की रचनात्मक गतिविधियों की सराहना करते हुए वैश्विक स्तर पर सांस्कृतिक एवं नैतिक मूल्यों के संवर्धन की आवश्यकता पर बल दिया।

भूपेंद्र कुमार

By भूपेंद्र कुमार

प्रधान संपादक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *