हल्द्वानी । उत्तराखंड राज्य खेल परिषद के अध्यक्ष कुलदीप सिंह बुटोला कुमायूँ भ्रमण के दौरान हल्द्वानी सर्किट हाउस पहुंचे जहाँ पर उनका भव्य स्वागत किया गया। उप निदेशक खेल रशिका सिद्धिकी सहित मुए थाई एसोसिएशन के सदस्यों एवं खेल प्रशिक्षकों ने उनका जोरदार स्वागत किया । प्रातः 7 बजे खेल परिषद के अध्यक्ष बुटोला ने गौलापार स्थित क्रिकेट स्टेडियम सहित इंडोर स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स , हॉकी टर्फ, तरणताल , टेबल टेनिस कोर्ट का निरीक्षण कर खिलाड़ियों से मुलाक़ात की। उन्होंने खेल प्रशिक्षकों की समस्याओं को सुना और कहा कि प्रशिक्षक किसी भी खेल की रीढ़ होते हैं । खिलाड़ी को तैयार कर उसके खेल को धार देने के लिए कोच रूपी रीढ़ का मजबूत होना सर्वप्रथम आवश्यक है । उन्होंने कहा की वह अतिशीघ्र खेल सचिव एवं मुख्यमंत्री से मिलकर प्रशिक्षकों की समस्याओं का समाधान निकालने का प्रयास जरूर करेंगे । उन्होंने 1-4 जून तक अंतर्राष्ट्रीय इंडोर काम्प्लेक्स में होने जा रही राष्ट्रीय यूथ मुए थाई चैंपियनशिप के आयोजन की तैयारियों का भी जायजा लिया। उन्होंने सभी लिखित समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु खेल विभाग के अधिकारियों को दिशा निर्देश भी दिए । खेल परिषद अध्यक्ष ने शहर स्थित स्टेडियम में भी निरीक्षण कर विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारियों से वार्ता की। स्टेडियम में चल रहे विभिन्न खेलों के खिलाड़ियों से भी उन्होंने अलग अलग बातचीत की। उसके बाद वह विगत दिनों देश के लिए जूजित्सु खेल में स्वर्ण पदक जीतने वाली खिलाड़ी नव्या पांडे के घर भी गए उनके परिजनों को बधाई दी तथा नव्या का शाल ओढ़ाकर स्वागत भी किया। इस दौरान उनके साथ उप निदेशक खेल रसिका सिद्धिकी, एशियन कोच एवं नेशनल मार्शल आर्ट गेम्स कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सतीश जोशी , जिला क्रीड़ा अधिकारी निर्मला पंत , पूर्व उप निदेशक खेल सुरेश पांडे , बॉक्सिंग एशोसिस्येशन के सचिव गोपाल खोलिया, जूजित्सु इंडिया के अध्यक्ष विनय जोशी ,उप क्रीड़ा अधिकारी वरुण बेलवाल, फुटबॉल संघ के सचिव अख्तर अली, शूटिंग एसोसियेशन सचिव पंकज कालकोटि, स्विमिंग एसोसियेसन की सचिव सीमा मल्होत्रा, विजय बिष्ट , अंकुश रौतेला सहित कई खिलाड़ी एवं विभागीय लोग उपस्थित रहे ।

भूपेंद्र कुमार

By भूपेंद्र कुमार

प्रधान संपादक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *