रुड़की, 21 जून 2026। COER Medical College of Ayurveda & Hospital (CMCAH), रुड़की में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में 15 जून से 21 जून तक योग सप्ताह का आयोजन सफलतापूर्वक किया गया। इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “Yoga for Healthy Aging” रही।

योग सप्ताह का शुभारंभ 15 जून को पोस्टर प्रस्तुति प्रतियोगिता के साथ हुआ। 16 जून को गणेश वाटिका, हरिद्वार में योग प्रदर्शन एवं स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। इसके पश्चात 17 जून को रंगोली प्रतियोगिता तथा 18 जून को ग्राम बेलड़ा, रुड़की में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। 19 जून को संस्थान के योग हॉल में विशेष योग कक्षा आयोजित की गई।

20 जून को आयोजित “Run for Yoga” कार्यक्रम को संस्थान के चेयरमैन श्री जे. सी. जैन ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि योग स्वस्थ जीवनशैली, सकारात्मक चिंतन एवं सामाजिक समरसता का आधार है तथा प्रत्येक व्यक्ति को इसे अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करना चाहिए।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को कॉमन योगा प्रोटोकॉल के अंतर्गत सामूहिक योगाभ्यास एवं लाइव स्ट्रीमिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों, चिकित्सकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

इस अवसर पर वाइस प्रेसिडेंट डॉ. श्रेयांश जैन ने योग को शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत प्रभावी माध्यम बताया। एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर डॉ. चारू जैन ने योग को भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताते हुए इसके नियमित अभ्यास की आवश्यकता पर बल दिया। कोर यूनिवर्सिटी की वाइस चांसलर प्रो. डॉ. अनुभा सिंह ने सभी से योग को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया। कोर यूनिवर्सिटी के प्रो. वाइस चांसलर प्रो. डॉ. राजेश उपाध्याय ने स्वस्थ एवं सक्रिय वृद्धावस्था के लिए योग एवं प्राणायाम के महत्व पर प्रकाश डाला। रजिस्ट्रार डॉ. अजय शर्मा तथा डॉ. अमरनाथ ने भी योग के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रत्यूष सिंह ने अपने संबोधन में “योगः कर्मसु कौशलम्” का उल्लेख करते हुए कहा कि योग व्यक्ति के जीवन में अनुशासन, दक्षता एवं संतुलन स्थापित करता है तथा स्वस्थ वृद्धावस्था सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

कार्यक्रम का सफल समन्वयन स्वस्थवृत्त एवं योग विभाग के डॉ. विशाखा, डॉ. राजेश बैरागी, डॉ. जयश्री काले एवं डॉ. जयविन्दर सिंह द्वारा किया गया। संस्थान ने योग सप्ताह के माध्यम से स्वास्थ्य संवर्धन, जनजागरूकता एवं योग के प्रति सकारात्मक संदेश समाज तक पहुँचाने का प्रयास किया।

भूपेंद्र कुमार

By भूपेंद्र कुमार

प्रधान संपादक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *