
हरिद्वार। नगर निगम हरिद्वार के महापौर को एक शिकायत पत्र सौंपकर ठेकेदार सूर्यकांत बजरंगी का पंजीकरण (रजिस्ट्रेशन) निरस्त करने की मांग की गई है।
शिकायत के अनुसार, 4 जुलाई को नगर निगम में टेंडर प्रक्रिया के दौरान संबंधित ठेकेदार ने सुबह 11 बजे टेंडर के लिए आवेदन तो जमा किया, लेकिन निर्धारित समय दोपहर 2 बजे तक टेंडर शुल्क जमा नहीं कराया। आरोप है कि शाम करीब 4 बजे ठेकेदार नगर निगम कर्मचारी राहुल से टेंडर फॉर्म मांगने पहुंचा। जब बिना शुल्क जमा किए टेंडर फॉर्म देने से मना किया गया तो उसने कर्मचारियों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि ठेकेदार ने नगर आयुक्त और महापौर के लिए भी आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि संबंधित ठेकेदार पहले भी इसी तरह आवेदन देकर निर्धारित धनराशि जमा नहीं करता रहा है और अनावश्यक विवाद की स्थिति पैदा करता है। इसलिए भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए उसका रजिस्ट्रेशन तत्काल निरस्त किया जाए।
