हरिद्वार। महानगर कांग्रेस कमेटी ने अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच की वर्तमान स्थिति एवं प्रगति सार्वजनिक करने की मांग की है। प्रैस क्लब में पत्रकारों से वार्ता करते हुए महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग ने कहा कि कांग्रेस शुरू से ही अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय को लेकर संघर्ष कर रही है। हत्याकांड की सीबीआई जांच की मांग को लेकर कांग्रेस ने उत्तराखंड सहित पूरे देश में धरना प्रदर्शन किया। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी भारत जोड़ो यात्रा में अंकिता भंडारी हत्याकांड को प्रमुखता से उठाया। कांग्रेस और अंकिता भंडारी के परिजनों के भारी दबाव के बाद सरकार ने सीबीआई जांच की मंजूरी दी। अमन गर्ग ने कहा कि जनवरी 2026 में सीबीआई ने केस दर्ज कर जांच शुरु की। लेकिन कई महीने बीतने के बाद भी जांच कहां तक पहुंची, इसकी कोई जानकारी नहीं है। अमन गर्ग ने आरोप लगाया कि अंकिता भंडारी के परिजनों ने भाजपा के जिन दो वरिष्ठ नेताओं पर आरोप लगाए थे। सीबीआई जांच में उनका अब तक कोई उल्लेख नहीं है। भाजपा ने अपने दोनों आरोपी नेताओं का अन्य राज्यों में प्रमोशन कर सम्मानित करने का काम किया है। अमन गर्ग ने कहा कि हाल ही में अंकिता भंडारी के माता पिता ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मिलकर उन्हें सीबीआई जांच में हो रही देरी के संबंध में अवगत कराते हुए न्याय दिलाने में सहयोग की मांग की है। राहुल गांधी ने अंकिता के परिजनों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया है।

अमन गर्ग ने कहा कि सीबीआई जांच मे सामने आए महत्वपूर्ण तथ्यों और निष्कर्षों को जनता के सामने रखा जाए। मामले से जुड़े प्रत्येक आरोपी एवं षड्यंत्र में शामिल व्यक्तियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच की जाए। अंकिता के परिवार को पूरा न्याय दिया जाए। वरिष्ठ कांग्रेस नेता मुरली मनोहर और संतोष चौहान ने भी अंकिता को न्याय दिलाने की मांग की। वरिष्ठ कांग्रेस नेता सीपी सिंह व महेश प्रताप राणा ने कहा कि अंकिता को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस किसी भी संघर्ष से पीछे नहीं हटेगी। पत्रकार वार्ता में कई कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

भूपेंद्र कुमार

By भूपेंद्र कुमार

प्रधान संपादक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed