नेपाल में फंसे तमिलनाडु के 21 लोग दिल्ली पहुंचे, विदेश मंत्री जयशंकर ने की अगवानी
भारत के विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि नेपाल में आई बाढ़ में 320 भारतीय पर्यटक अभी भी लापता हैं. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि तमिलनाडु के इक्कीस भारतीय नागरिक काठमांडू से दिल्ली पहुंचे. वहीं चीन की तरफ फंसे 96 भारतीय नागरिक सुरक्षित रूप से सड़क मार्ग से नेपाल पहुंच गए हैं.
इसके अलावा भारतीय मूल के करीब 100 लोगों से कोई संपर्क नहीं हो पाया है. उनके मुताबिक चीन की ओर मौजूद 400 भारतीय नागरिक सुरक्षित हैं.
इसी क्रम में विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने बाढ़ प्रभावित नेपाल से लौटे 21 भारतीय नागरिकों की दिल्ली हवाई अड्डे पर अगवानी की. नेपाल से लौटे 21 भारतीयों से मिलने के बाद विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा, “उनके अनुभवों के बारे में सुनकर मैं भावुक हो गया.”
नेपाल के प्रधानमंत्री और मंत्री आपदा राहत कोष में एक महीने का वेतन दान करेंगे
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह और उनकी कैबिनेट के सदस्य देश में अचानक आई भीषण बाढ़ के कारण 538 लोगों की मौत के बाद आपदा राहत कोष में अपना एक महीने का वेतन दान करेंगे. ‘द काठमांडू पोस्ट’ की खबर के अनुसार, यह फैसला शुक्रवार को हुई कैबिनेट की बैठक में लिया गया.
कैबिनेट ने वित्त मंत्रालय को यह भी निर्देश दिया कि वह बाढ़ से प्रभावित लोगों और कारोबारों के लिए राहत, कम ब्याज वाली वित्तीय सहायता और पुनर्वास पैकेज तैयार करे. यह बाढ़ बुधवार को रसुवा और मध्य नेपाल के अन्य हिस्सों में आई थी. बाढ़ के कारण बस्तियों, सड़कों, पुलों और जलविद्युत ढांचे को बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ. देश में तलाश और बचाव अभियान जारी है. कई अन्य लोग अभी भी लापता हैं.
