जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : लैंसडौन वन प्रभाग क्षेत्र के अंतर्गत कोटद्वार-पुलिंडा मार्ग पर हाथियों की धमक थमने का नाम नहीं ले रही। शुक्रवार को हाथियों का एक झुंड जंगल से निकलकर मार्ग पर पहुंच गया। करीब एक घंटे तक हाथियों का यह झुंड मार्ग पर टहलता रहा। जिसके कारण मार्ग के दोनों ओर वाहनों का लंबा जाम लगा रहा। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने पटाखे व हवाई फायर कर हाथियों को जंगल में खेड़ा
शुक्रवार सुबह अचानक हाथियों का झुंड मार्ग पर धमक गया। ऐसे में मार्ग से आवाजाही कर रहे लोगों में आफरा-तफरी मच गई। वाहन चालकों ने हाथी से बचाव के लिए कई मीटर दूर अपने वाहन खड़े कर दिये। घंटों लोग हाथियों के जंगल में वापस जाने का इंतजार करते रहे। लेकिन, करीब एक घंटे तक हाथी मार्ग पर ही टहलते हुए नजर आए। मालूम हो कि उक्त मार्ग पर आए दिन हाथियों की धमक बनी रहती है। पूर्व में हाथी मार्ग से गुजरने वाले कई लोगों पर हमले का भी प्रयास कर चुका है। वहीं, कुछ माह पूर्व हाथी ने उक्त मार्ग पर एक पुलिस कर्मी को भी मार दिया था। ऐसे में मार्ग से गुजरने वाले लोगों को सावधानी बरतने की आवश्यकता है। रेंजर अजय कुमार ध्यानी ने बताया कि हाथियों के झुंड सड़क पर आने से जाम लगने की सूचना मिली थी, जिसके बाद टीम को मौके पर भेजा गया। पटाखे छोड़कर और हवाई फायर कर हाथियों को जंगल की ओर भेजा गया। किसी तरह का कोई नुकसान नहीं हुआ है।

भूपेंद्र कुमार

By भूपेंद्र कुमार

प्रधान संपादक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *