अल्मोड़ा। राजकीय शिक्षक संघ की प्रान्तीय कार्यकारिणी के आह्वान पर बुधवार को जनपद के शिक्षक काली पट्टी बांधकर शिक्षण कार्य करेंगे। यह जानकारी देते हुए राजकीय शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष भारतेन्दु जोशी और जिला मंत्री भूपाल सिंह चिलवाल ने बताया कि शिक्षकों की मांगों को लेकर 4 अगस्त 2023 को शिक्षा मंत्री की अध्यक्षता में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई थी। जिसमें शिक्षकों की कई मांगों पर शिक्षा मंत्री एवं विभागीय अधिकारियों द्वारा सहमति भी दी गई थी। लेकिन आज तक इनके शासनादेश जारी नहीं हो पाए हैं। जिसको लेकर शिक्षकों में रोष व्याप्त है। उन्होंने सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि अब शिक्षक अपनी मांगों को लेकर चरणबद्घ आन्दोलन करेंगे। उन्होंने बताया कि 27 सितम्बर को समस्त शिक्षक काली पट्टी बांधकर शिक्षण कार्य करेंगे। इसके बाद 8 अक्टूबर को देहरादून में प्रान्तीय कार्यकारिणी के आह्वान पर आयोजित सरकार जागरण रैली में प्रतिभाग करेंगे। जिसके बाद 16 अक्टूबर को ब्लॉक कार्यकारिणियों के साथ मिलकर जिला मुख्यालय पर धरना दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसके बाद भी यदि शिक्षकों की मांगों को लेकर शासनादेश जारी नहीं हुए तो प्रान्तीय कार्यकारिणी के नेतृत्व में वृहद आन्दोलन चलाया जाएगा जिसकी समस्त जिम्मेदारी विभाग की होगी। उन्होंने सभी शिक्षकों से कल 27 सितम्बर को काली पट्टी बांधकर इस आन्दोलन का सफल बनाने की अपील की है।

भूपेंद्र कुमार

By भूपेंद्र कुमार

प्रधान संपादक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *