
रानीखेत (सतीश जोशी) रानीखेत विकास संघर्ष समिति और प्रशासन के बीच शुक्रवार को चुनाव का बहिष्कार ना कर मतदान करने को लेकर प्रशासन से हुई वार्ता सफल नहीं हो पाई। पर्यटक नगरी की संयुक्त मजिस्ट्रेट वरुणा अग्रवाल ने संघर्ष समिति के सदस्यों के साथ तहसील परिसर स्थित कार्यालय में बैठक कर अपील की आगामी 19 अप्रैल को होने जा रहे लोकसभा चुनाव का बहिष्कार न कर अपने बहुमूल्य मत का प्रयोग करें। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि नगर की विभिन्न मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए चुनाव के बाद अवश्य पहल की जाएगी। लेकिन लोकतंत्र को मज़बूत करने के लिए मतदान का बहिष्कार करना कोई विकल्प नहीं है।
गौरतलब है कि रानीखेत विकास संघर्ष समिति के द्वारा छावनी क्षेत्र के सिविल एरिया को नगर पालिका में मिलाए जाने की माँग को लेकर 365 दिन से अधिक समय तक धरना प्रदर्शन किया गया। आचार संहिता के पश्चात धरना प्रर्दशन बंद कर दिया गया लेकिन सरकार की अनदेखी से बौखलाए संघर्ष समिति के सदस्यों ने लोकसभा चुनाव के बहिष्कार के लिए मुहिम छेड़कर जनजागरण के माध्यम घर घर जाकर लोगों को चुनाव में मतदान ना करने की अपील कर अपना विरोध दर्ज करने लगे। संघर्ष समिति के इस कदम से घबराये प्रशासन की पहल
पर शुक्रवार को तहसील सभागार में संयुक्त मजिस्ट्रेट वरुणा अग्रवाल व रानीखेत विकास संघर्ष समिति के सदस्यों के मध्य वार्ता हुई। जिसमें समिति के लोगों ने नाराज़गी जताते हुए कहा कि रानीखेत की जनता पिछले कई दशकों से कैंट के कड़े नियमों के चलते काफी परेशान है। उन्होंने प्रमुख समस्याओं में दाखिल खारिज, पेयजल में अतिरिक्त कर लेने, खेल का मैदान सहित विभिन्न समस्याओं से अवगत भी कराया। जिस पर संयुक्त मजिस्ट्रेट वरुणा अग्रवाल ने कहा कि चुनाव के पश्चात वह अपने स्तर से इन जनहित की समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास करेगी। उन्होंने समिति के सदस्यों से लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए चुनाव बहिष्कार न कर सबसे मतदान करने की अपील की। लेकिन समिति के लोग पूर्व में भी शासन प्रशासन द्वारा उनको दिखाए गये सब्जबाग़ के कारण अपने निर्णय पर अड़े रहे। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर भी समिति और जनता को बेवक़ूफ़ बनाने का आरोप लगाया। समिति ने निर्णय लिया कि लोकसभा चुनाव बहिष्कार की मुहिम आगे भी जारी रहेगी। समिति के वरिष्ठ पदाधिकारी गिरीश भगत ने कहा कि प्रशासन के साथ-सौहार्द पूर्ण वार्ता हुई। लेकिन लोकसभा चुनाव का बहिष्कार जारी रहेगा। वह नगर वासियों से जनजागरण एवं पम्पलेट के माध्यम से चुनाव बहिष्कार की अपील करेंगे। संयुक्त मजिस्ट्रेट से हुई वार्ता में गिरीश भगत, कैलाश पांडेय, ख़ज़ान पांडेय, अगस्त लाल साह, दीप भगत, अनिल वर्मा, चारु पंत, दीपक गर्ग, गिरीश मैनाली, किरन लाल साह, मुकेश साह, बसंत बिष्ट, दीपक साह,अशोक पांडेय, चंद्र शेखर गुरुरानी सहित दर्जनों लोग शामिल हुए।
