हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में श्री कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। मंदिरों और आश्रमों में भगवान श्री कृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर विशेष आयोजन किए गए। देर रात तक श्रद्धालुओं की भीड़ पूजा-अर्चना और भगवान श्री कृष्ण के दर्शन के लिए उमड़ती रही।
कनखल स्थित श्री पंचायती बड़ा उदासीन अखाड़ा में जन्माष्टमी के अवसर पर विशेष रूप से भव्य एवं आकर्षक झांकियां सजाई गईं। अखाड़े में भगवान श्री कृष्ण के जीवन से जुड़ी विभिन्न लीलाओं और धार्मिक प्रसंगों को सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया गया, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी रहीं।
हरिद्वार के बड़ी संख्या में शहरवासी अखाड़े में पहुंचे और भगवान श्री कृष्ण की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। श्रद्धालुओं ने अखाड़े में सजी सुंदर झांकियों का भी आनंद लिया। झांकियों को देखने के लिए देर रात तक श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही।
इस अवसर पर अखाड़े के श्री महंत राम नौमी दास जी महाराज एवं कोठारी महंत राघवेंद्र दास जी महाराज सहित अखाड़े के संत-महात्माओं ने विधि-विधान के साथ भगवान श्री कृष्ण की पूजा-अर्चना की। अखाड़े में पूरे परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था तथा विभिन्न स्थानों पर मनमोहक धार्मिक झांकियां स्थापित की गई थीं।
जन्माष्टमी के पर्व पर अखाड़े का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय नजर आया। भगवान श्री कृष्ण के जयकारों से पूरा परिसर गूंजता रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया और जन्माष्टमी के पावन पर्व को उत्साह एवं श्रद्धा के साथ मनाया।

भूपेंद्र कुमार

By भूपेंद्र कुमार

प्रधान संपादक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *