

हरिद्वार। शिक्षक दिवस के अवसर पर पाठशाला में बच्चों और शिक्षकों ने उत्साह के साथ कार्यक्रम आयोजित कर शिक्षकों के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान पाठशाला के बच्चों ने आपस में सहयोग कर धनराशि एकत्रित की और शिक्षक दिवस को विशेष रूप से मनाया। बच्चों ने पाठशाला के संस्थापक अरुण कश्यप को सम्मानित करने के साथ-साथ उन्हें अलग-अलग उपहार भी भेंट किए।
इस अवसर पर पाठशाला प्रबंधन की ओर से यहां पढ़ाने वाले शिक्षकों को भी उपहार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने शिक्षकों के प्रति अपने भाव व्यक्त करते हुए उनके मार्गदर्शन को जीवन में सफलता की महत्वपूर्ण सीढ़ी बताया।
पाठशाला के संस्थापक अरुण कश्यप ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि पाठशाला केवल पढ़ाई का स्थान नहीं, बल्कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा तय करने का एक माध्यम है। उन्होंने कहा, “पाठशाला आप सभी बच्चों के लिए वह माध्यम है, जिसके जरिए आप भविष्य में कामयाबी के शिखर तक पहुंचेंगे। यह एक सीढ़ी है, जहां से आप अपने स्वर्णिम भविष्य की चढ़ाई शुरू करेंगे।”उन्होंने बच्चों से शिक्षकों का सम्मान करने, अनुशासन बनाए रखने और निरंतर मेहनत करते रहने का आह्वान किया। समारोह के दौरान बच्चों और शिक्षकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
